नीमच। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 3 मई 2026 को नीमच जिले के दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को सुचारू, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शासकीय पीजी कॉलेज नीमच एवं शासकीय कन्या महाविद्यालय नीमच स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को परीक्षा संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महिला-पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अलग व्यवस्था-
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि महिला एवं पुरुष परीक्षार्थियों के प्रवेश के लिए पृथक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। महिला परीक्षार्थियों की सम्मानजनक फ्रिस्किंग तथा मोबाइल एवं अन्य सामग्री रखने की उचित व्यवस्था की जाए। फ्रिस्किंग प्रक्रिया महिला एवं पुरुष कर्मचारियों द्वारा अलग-अलग की जाएगी।
सभी कक्षों में पंखे, कूलर और प्रकाश व्यवस्था-
उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी, पर्याप्त प्रकाश, पंखे एवं कूलर की व्यवस्था रहे। पेयजल सुविधा के साथ आपात स्थिति के लिए जनरेटर सेट भी उपलब्ध रखा जाए।
एक टेबल पर एक ही परीक्षार्थी-
प्रत्येक परीक्षार्थी के लिए अलग कुर्सी-टेबल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एक टेबल पर एक ही अभ्यर्थी बैठकर परीक्षा देगा।
थ्री-लेयर सुरक्षा व्यवस्था
केंद्रों पर बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, लाइव सीसीटीवी निगरानी तथा एचएचएमडी से तलाशी की व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों पर थ्री-लेयर सुरक्षा लागू रहेगी। कलेक्टर ने जाजू कॉलेज केंद्र पर अतिरिक्त ट्यूबलाइट लगवाकर प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने दोनों केंद्रों पर परीक्षा कक्षों में जाकर बैठक व्यवस्था का निरीक्षण किया। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने एवं परीक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। निरीक्षण के दौरान एडीएम बी.एस. कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।