खरगोन। जिले के ठीबगांव बुजुर्ग निवासी हमीद खान ने एक आर्बिट्रेशन अवॉर्ड को लेकर गंभीर आपत्ति जताते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) को शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और न्याय की गुहार लगाई है।
एसपी को दी गई शिकायत में खान ने आरटीओ विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए विभिन्न सरकारी विभागों और कानूनी प्रक्रियाओं से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज प्रस्तुत किए हैं।
खान के अनुसार, वाहन क्रमांक एमपी 10 टी 1662 को हिंदुजा लीलैंड फाइनेंस कंपनी द्वारा छलपूर्वक अपने कब्जे में लिया गया। इसके बाद आर्बिट्रेशन प्रक्रिया में कथित रूप से झूठे दस्तावेज प्रस्तुत कर एकतरफा अवॉर्ड पारित कराया गया, जिसमें उनके पक्ष को नजरअंदाज किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में कंपनी के महाप्रबंधक, खरगोन आरटीओ और भोपाल स्थित दुर्गा ऑटो डील की भूमिका संदिग्ध है। शिकायत में कहा गया है कि इन सभी ने मिलकर दो अवैध आर्बिट्रेशन कराए और संगठित रूप से धोखाधड़ी, जालसाजी, सरकारी रिकॉर्ड में छेड़छाड़ और वाहन के अवैध हस्तांतरण जैसे गंभीर अपराध किए।
खान ने यह भी बताया कि इस प्रकरण से संबंधित शिकायतें पूर्व में ग्वालियर परिवहन आयुक्त, खरगोन पुलिस, 181 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में भी दर्ज कराई जा चुकी हैं।
शिकायत के अनुसार, 25 अक्टूबर 2021 को एक कथित अवैध आर्बिट्रेशन अवॉर्ड जारी किया गया था, जिसके खिलाफ उनकी आपत्तियां अभी भी लंबित हैं।
हमीद खान ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। यह मामला वाहन फाइनेंस और आर्बिट्रेशन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े कर रहा है।