देवास। आस्था, श्रद्धा और भक्ति के रंग में सराबोर देवास शहर इन दिनों भव्य राम कथा के आयोजन से भक्तिमय हो उठा है। स्वर्णकार समाज महिला मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस दिव्य कथा में समाज की बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल होकर श्रद्धा भाव से कथा श्रवण कर रहे हैं।
कथा के प्रथम दिवस भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर पूरे उत्साह और भक्ति के साथ भाग लिया। यह कलश यात्रा खेड़ापति मंदिर से प्रारंभ होकर स्वर्णकार समाज धर्मशाला तक पहुंची। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया, जिससे पूरा वातावरण “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा।
कथा के दूसरे दिवस भगवान शिव और माता पार्वती के पावन विवाह का मंचन किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। इस दिव्य प्रसंग को देखकर उपस्थित जनसमूह में खासा उत्साह और आनंद का माहौल देखने को मिला।
यह राम कथा न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत कर रही है, बल्कि समाज को एकजुट कर सांस्कृतिक मूल्यों को भी सशक्त बना रही है। श्रद्धालु पूरे मनोयोग से कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।