मनासा/रामपुरा। रामपुरा क्षेत्र को 100 बिस्तरीय शासकीय अस्पताल की कैबिनेट से स्वीकृति मिलने के उपलक्ष्य में क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू के विधायक कार्यालय पहुंचकर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यकर्ताओं ने इस स्वीकृति को क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं जनहितकारी उपलब्धि बताया। इस अवसर पर विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने कहा कि 100 बिस्तरीय अस्पताल की स्थापना से रामपुरा एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों के हजारों नागरिकों को बेहतर, आधुनिक एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल तथा जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया के प्रति आभार व्यक्त किया। विधायक मारू ने स्वागत करने पहुंचे सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का स्नेह, विश्वास और सहयोग उन्हें क्षेत्र की सेवा एवं विकास कार्यों के लिए निरंतर प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास एवं जनसेवा उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता है और जनहित के कार्य आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेंगे। कार्यक्रम में जिला महामंत्री नरेन्द्र मालवीय, विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।