मनासा। नीमच जिले के मनासा नगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाए जाने की घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई है।
भाजपा के कुशाभाऊ ठाकरे मंडल के सोशल मीडिया प्रभारी दिनेश राठौर ने बयान जारी कर घटना की निंदा करते हुए इसे अत्यंत आपत्तिजनक बताया। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ इस प्रकार का प्रदर्शन लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है।
दिनेश राठौर ने स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि घटना के बावजूद प्रशासन ने गंभीरता नहीं दिखाई। उनके अनुसार, इस मामले में समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश है।
भाजपा नेताओं ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।