देवास। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश के पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान 2.0 के तहत शनिवार को देवास में विशाल जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर कार्यालय से थाना औद्योगिक क्षेत्र तक लगभग 5 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाई गई, जिसमें जिलेभर के हजारों स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत ने विद्यार्थियों एवं नागरिकों को नशा मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज में स्थायी जागरूकता लाने का प्रयास है।
मानव श्रृंखला में शामिल विद्यार्थियों ने “नशा मुक्त देवास दृ हमारा संकल्प”, “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” जैसे संदेशों वाली तख्तियां हाथों में लेकर लोगों को जागरूक किया। पूरे मार्ग पर “नशा मुक्त देवास हमारा संकल्प” के नारे गूंजते रहे।
एसपी गहलोत ने बताया कि मुख्यमंत्री एवं डीजीपी के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में यह अभियान चलाया जा रहा है और देवास में भी लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित अभियान चलाए जाएंगे।
साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास गुटखा, तंबाकू, सिगरेट व अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और नशामुक्त वातावरण मिल सके।