इंदौर। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलास विजयवर्गीय के मार्गदर्शन में पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय एवं महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बुधवार को विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 के वार्ड 12 में 2 करोड़ 25 लाख रुपए की लागत से बनने वाली अमृत-2.0 नर्मदा जल पाइपलाइन का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर आकाश विजयवर्गीय ने अधिकारियों से परियोजना की समयसीमा और इससे होने वाले लाभ की जानकारी मंच से जनता को देने के निर्देश दिए।
जनता को विकास कार्यों की जानकारी का पूरा हक : आकाश विजयवर्गीय
आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि विकास कार्य समय पर शुरू होकर निर्धारित अवधि में पूरे हों, यह संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को मंच पर बुलाकर जनता को बताया कि नर्मदा लाइन का कार्य कब तक पूरा होगा और इससे कितनी कॉलोनियों एवं कितनी आबादी को लाभ मिलेगा।
नगर निगम अधिकारियों एवं इंजीनियर शुभम ने जानकारी दी कि प्रस्तावित नर्मदा पाइपलाइन करीब 40 किलोमीटर लंबी होगी और इसका कार्य लगभग छह माह में पूरा करने का लक्ष्य है। पाइपलाइन से गंगा बाग कॉलोनी, कुशवाह श्रीनगर, कमला नगर, भगत सिंह नगर, गोविंद नगर, राजबाग कॉलोनी, यादव नगर, कर्मा नगर और शीतल नगर सहित आसपास की कॉलोनियों के रहवासियों को लाभ मिलेगा।
अधिकारियों ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने का काम 3 सितंबर से शुरू किया जाएगा। संकरी सड़कों के कारण कई स्थानों पर मशीनों के बजाय मानव श्रम से काम कराया जाएगा, जिससे कार्य में कुछ अतिरिक्त समय लग सकता है। रहवासियों को निर्माण कार्य से कम से कम परेशानी हो, इसका भी ध्यान रखा जाएगा।
आकाश विजयवर्गीय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल परियोजना पूरी कर देना ही जिम्मेदारी से मुक्त होना नहीं है, बल्कि इसका वास्तविक लाभ जनता को मिलना चाहिए और क्षेत्र की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होना चाहिए।
शिक्षा से पेयजल तक क्षेत्र में हो रहे विकास कार्य : विजयवर्गीय
आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि नर्मदा जल की इस महत्वाकांक्षी योजना को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए नगर निगम के अधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रम में बुलाया गया है, ताकि जनता को विकास कार्यों की पूरी जानकारी मिल सके।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, ड्रेनेज और पेयजल सहित विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम किया जा रहा है। स्कूलों को आधुनिक बनाने के साथ उनमें बेहतर फर्नीचर, कंप्यूटर और वाटर कूलर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। आंगनवाड़ियों को भी सुविधायुक्त बनाया जा रहा है। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए संजीवनी क्लीनिक की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के गार्डनों में झूले एवं ओपन जिम की सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। उन्होंने कहा कि कैलास विजयवर्गीय ने विधानसभा क्षेत्र को कैंसर मुक्त बनाने का संकल्प लिया है। इसके तहत कैंसर मरीजों के लिए शहर के चयनित अस्पतालों में नि:शुल्क सर्जरी की व्यवस्था भी की गई है।
शहर में बन रही 40 पानी की टंकियां : पुष्यमित्र भार्गव
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर में जलापूर्ति के लिए शहर में 40 पानी की टंकियों का निर्माण किया जा रहा है। नर्मदा जल की चौथे चरण की योजना का कार्य भी शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था वर्ष 2047 तक की जरूरतों को ध्यान में रखकर की जा रही है।
25 साल पुरानी मांग होगी पूरी-
नर्मदा पाइपलाइन बिछने से क्षेत्र के रहवासियों की करीब 25 वर्ष पुरानी पेयजल समस्या का समाधान होने की उम्मीद है। कई स्थानों पर पुरानी एवं क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों के कारण मटमैले पानी की शिकायतें सामने आती रही हैं। वहीं, कुछ क्षेत्रों में वर्तमान में बोरवेल के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जा रही है। नई नर्मदा लाइन के माध्यम से क्षेत्र के रहवासियों को नर्मदा जल उपलब्ध कराया जाएगा। परियोजना से 25 हजार से अधिक आबादी को लाभ मिलने की बात कही गई है।
ढोल-ताशों के साथ हुआ स्वागत-
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आकाश विजयवर्गीय का स्थानीय रहवासियों एवं कार्यकर्ताओं ने हार-फूल और ढोल-ताशों के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम में पार्षद सीमा कृष्ण वल्लभ डाबी, मंडल अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय रहवासी मौजूद रहे।