खेड़ली। चम्बलेश्वर डेम के समीप स्थित खेड़ली गांव में बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मगरमच्छ गांव में घुस आया। मगरमच्छ को राधेश्याम माली के घर के बाहर देखा गया। रात के समय घर के बाहर मगर दिखाई देने से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बन गया।
मगर के गांव में पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्रित हो गए। रात में अंधेरा होने के कारण ग्रामीणों ने सावधानी बरतते हुए मगरमच्छ पर नजर बनाए रखी और सुबह होने का इंतजार किया।
सुबह ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास से मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। इसके बाद उसे चम्बलेश्वर डेम ले जाया गया, जहां सुरक्षित रूप से पानी में छोड़ दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार, मगरमच्छ संभवतः डेम से निकलकर गांव की ओर आ गया था।
मगर को पकड़ने और उसे वापस डेम में छोड़ने के दौरान ग्रामीणों ने विशेष सतर्कता एवं साहस का परिचय दिया। ग्रामीणों की सूझबूझ से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और मगरमच्छ को भी सुरक्षित उसके प्राकृतिक आवास में पहुंचा दिया गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही को देखते हुए आवश्यक सतर्कता बरती जाए और ग्रामीणों को भी जागरूक किया जाए।