शाजापुर। जिले के अकोदिया नगर में एक फोटोग्राफी की दुकान पर 82 साल की बुजुर्ग महिला के पर्स से करीब 2.50 लाख रुपए की सोने की चेन चोरी हो गई। चेन का वजन 22 ग्राम बताया गया है, महिला के बेटे दिनेश सोनी ने अकोदिया मंडी थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में बताया गया है कि दिनेश सोनी की मां कमला बाई (82) एसबीआई बैंक रोड पर अपनी फोटोग्राफी की दुकान पर बैठी थीं। तभी दो लोग वहां आए और 500 रुपए के छुट्टे मांगे। दोनों ने कमला बाई से बात करते हुए उनके पर्स से 100 और 50 रुपए के नोट मिलाकर 500 रुपए निकलवाए। इसके बाद उन्होंने पर्स वापस कर दिया।
कुछ देर बाद जब महिला ने अपना पर्स चेक किया, तो उसमें रखी 22 ग्राम की पुरानी सोने की चेन गायब मिली। चेन पहले इस्तेमाल की हुई थी।
घटना की जानकारी मिलने पर परिवार वालों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में दोनों संदिग्ध लोग एक बाइक पर जाते हुए दिखाई दिए। खास बात यह है कि फोटोग्राफी की दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे के सामने से गुजरते समय दोनों ने अपने हाथों से चेहरा छिपाया हुआ था। इससे लगता है कि वे अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रहे थे।
परिवार वालों ने आसपास के इलाके में दोनों की तलाश भी की, लेकिन वे नहीं मिले। इसके बाद दिनेश सोनी अपने भतीजे प्रशांत के साथ थाने पहुंचे और घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में चोरी हुई सोने की चेन की कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई गई है। शाम को सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से बाइक और संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज से आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।दिनेश सोनी के भतीजे प्रशांत सोनी ने बताया कि दो व्यक्ति एक वाहन से दुकान पर आए थे। कुछ दूर जाने के बाद उनके साथ एक अन्य वाहन आ गया, जिसमें दो लोग सवार थे। इसके बाद दोनों वाहन वहां से निकल गए। वाहनों पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। कुल चार लोग थे, लेकिन दुकान पर दो व्यक्ति ही आए थे।