नीमच। भारत विकास परिषद मुख्य शाखा नीमच द्वारा युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास, भूगोल एवं वैज्ञानिक चेतना से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित “भारत को जानो” प्रकल्प के द्वितीय चरण की शाखा स्तरीय क्विज प्रतियोगिता 6 सितम्बर, रविवार को प्रातः 9ः30 बजे रोटरी सामुदायिक भवन, गोमाबाई नेत्रालय मार्ग, नीमच में आयोजित होगी। शाखा अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता, सचिव सतीश गोयल एवं मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी ने बताया कि प्रथम चरण की लिखित परीक्षा में नगर के 10 प्रतिष्ठित विद्यालयों के 2300 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में प्रत्येक विद्यालय से सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले दो-दो विद्यार्थियों का चयन शाखा स्तरीय क्विज के लिए किया गया है। प्रकल्प संयोजक सुनील जाधव एवं सह संयोजक सुशील गट्टानी ने बताया कि क्विज प्रतियोगिता में दोनों वर्गों की विजेता टीमें आगामी प्रांतीय स्तर की प्रतियोगिता में नीमच शाखा का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन प्रकल्प के अंतर्गत प्रतियोगिता में सहभागी 10 विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकों एवं मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के परिजन, विद्यालयों के शिक्षक एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। परिषद परिवार ने शहरवासियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया है।