नीमच। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयास निरंतर किए जा रहे हैं। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले में पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
जनपद पंचायत जावद की ग्राम पंचायत लासूर निवासी निलेश पिता नंदलाल भील का परिवार शासन की योजनाओं से मिले लाभ और जीवन में आए बदलाव का उदाहरण है। कभी कच्चे मिट्टी के मकान में रहने वाले निलेश के परिवार को अब प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पक्का मकान मिलने से सुरक्षित और बेहतर जीवन का आधार मिला है।
कच्चे मकान से पक्के आवास तक का सफर-
निलेश बताते हैं कि पहले उनका परिवार कच्चे मिट्टी के मकान में रहता था। बारिश के दिनों में घर में पानी टपकता था और जहरीले जीव-जंतुओं व जानवरों का डर भी बना रहता था। परिवार में पांच सदस्य हैं। निलेश के पास आजीविका के लिए ढाई बीघा कृषि भूमि है और वे कृषि मजदूरी भी करते हैं। उनकी बेटी कक्षा 9वीं में अध्ययनरत है, जबकि बुजुर्ग माता-पिता भी उनके साथ रहते हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में निलेश के नाम आवास स्वीकृत हुआ। आवास निर्माण के लिए उन्हें चार किस्तों में कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की राशि प्राप्त हुई। प्रथम किस्त के रूप में 25 हजार, द्वितीय किस्त 40 हजार, तृतीय किस्त 40 हजार और चतुर्थ किस्त के रूप में 15 हजार रुपये मिले।
विभिन्न योजनाओं से मिली सुविधाएं-
निलेश बताते हैं कि पक्का आवास बनने से अब उन्हें बारिश के पानी और जहरीले जीव-जंतुओं से सुरक्षा मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ उन्हें मनरेगा योजना के अंतर्गत 90 दिवस की मजदूरी का लाभ भी मिला।
उज्ज्वला योजना के तहत गैस टंकी और चूल्हा मिलने से परिवार को चूल्हे के धुएं से राहत मिली। सौभाग्य योजना के माध्यम से घर में विद्युत कनेक्शन तथा जल जीवन मिशन के तहत नल कनेक्शन मिला, जिससे घर पर ही नल से पानी उपलब्ध हो रहा है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण के लिए 12 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई, जिससे परिवार ने शौचालय का निर्माण कराया। वहीं, उनकी बेटी प्रतिज्ञा को निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के तहत साइकिल मिलने से स्कूल आने-जाने में सुविधा हुई है।
योजनाओं को बताया खुशहाली का आधार-
निलेश का कहना है कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलने से उनके परिवार की जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव आया है। पक्का आवास मिलने से जहां परिवार को सुरक्षित छत मिली है, वहीं बिजली, पानी, गैस, शौचालय और रोजगार जैसी सुविधाओं से जीवन आसान हुआ है।
निलेश ने शासन की योजनाओं से अपने परिवार के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है।