नीमच। श्रीकृष्ण पाथेय न्यास, मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन नीमच के सहयोग से आयोजित ‘श्रीकृष्ण पर्व’ के तहत 4 सितंबर को मनासा और जावद में विशेष सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। शाम 7 बजे से होने वाले इन आयोजनों में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन, लोक-आस्था और सांस्कृतिक विरासत को संगीत, नृत्य एवं लोक गायन की प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया जाएगा। दोनों कार्यक्रमों में प्रवेश निरूशुल्क रहेगा।
मनासा में नृत्य नाटिका और भक्तिमय गायन-
मनासा के गांधी चौक स्थित द्वारकाधीश मंदिर के सामने शाम 7 बजे से श्रीकृष्ण केंद्रित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। दीपिका सिंह एवं साथी, इंदौर द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और जीवन प्रसंगों को नृत्य के माध्यम से साकार किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिमा गोस्वामी एवं साथी, भोपाल द्वारा भक्तिमय गायन की प्रस्तुति दी जाएगी।
जावद में गूंजेंगे भक्ति और लोक गायन के स्वर-
जावद के रामलीला मैदान, खोर दरवाजा स्थित श्री सांवलिया जी मंदिर परिसर में 4 सितंबर को शाम 7 बजे से लोक गायन और भक्ति गायन की प्रस्तुतियां होंगी। पूर्णिमा चतुर्वेदी एवं साथी, भोपाल द्वारा लोक गायन तथा नम्रता कुशवाह एवं साथी, भोपाल द्वारा भक्ति गायन प्रस्तुत किया जाएगा। कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रीकृष्ण की भक्ति और लोक परंपराओं को स्वर देंगे।
नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का प्रयास-
‘श्रीकृष्ण पर्व’ के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध कृष्ण परंपरा, लोक-स्मृतियों और कला अभिव्यक्तियों को नई पीढ़ी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजकों ने जिलेवासियों से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने की अपील की है।