खरगोन। कसरावद थाना क्षेत्र के ग्राम भम्ग्यापुर में खेत की मेड़ पर घास काटने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान एक युवक के सिर पर दरांती से वार करने का आरोप है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शिकायत के अनुसार, 1 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे चौनलाल पाटोदा खेत की मेड़ पर चारा काट रहा था। इसी दौरान पड़ोसी नेमीचन्द पाटोदा ने मेड़ को अपनी बताते हुए घास काटने पर आपत्ति जताई। करीब तीन घंटे बाद नेमीचन्द अपने साथी एडु, चन्दन और नरेन्द्र के साथ मौके पर पहुंचा और विवाद के बाद मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि नरेन्द्र ने चौनलाल के साथ लकड़ी से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके बेटों प्रदीप, दुर्गेश और राहुल के साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट की गई। इसी दौरान नेमीचन्द ने दुर्गेश के सिर पर दरांती से वार कर दिया। बाद में विशाल भी मौके पर पहुंचा और मारपीट करने लगा।
शोर सुनकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और विवाद शांत कराया। मारपीट में घायल लोगों को कसरावद अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर प्रदीप, राहुल और दुर्गेश को खरगोन जिला अस्पताल रेफर किया गया।
मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।