नीमच। संस्कृत भाषा, भारतीय संस्कृति और साहित्य की समृद्ध परंपरा से विद्यार्थियों को जोड़ने के उद्देश्य से शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, नीमच में जिलास्तरीय अखिल भारतीय कालिदास समारोहदृ2026 के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। श्लोक पाठ, संस्कृत संभाषण और संस्कृत चित्रकला प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी भाषायी, साहित्यिक और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
श्लोक पाठ में श्यामा कुंवर ने हासिल किया प्रथम स्थान-
श्लोक पाठ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने संस्कृत श्लोकों का सस्वर और भावपूर्ण पाठ प्रस्तुत किया। इसमें शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, नीमच की कक्षा 10वीं की छात्रा श्यामा कुंवर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी विद्यालय की कक्षा 10वीं की छात्रा विशाखा द्वितीय तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पिपलिया हांडी की कक्षा 11वीं की छात्रा रीना तृतीय स्थान पर रहीं।
संस्कृत संभाषण में कशिश पाटीदार प्रथम-
संस्कृत संभाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने संस्कृत भाषा में अपने विचार व्यक्त करते हुए संवाद कौशल और भाषा के व्यावहारिक प्रयोग का परिचय दिया। प्रतियोगिता में सांदीपनि विद्यालय, नीमच की कक्षा 11वीं की छात्रा कशिश पाटीदार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सौफिया हायर सेकेंडरी स्कूल, रतनगढ़ की कक्षा 12वीं की छात्रा मीनाक्षी द्वितीय तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पड़दा की कक्षा 10वीं की छात्रा मयूरी तृतीय स्थान पर रहीं।
संस्कृत चित्रकला में यशोदा ने मारी बाजी-
संस्कृत चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से संस्कृत भाषा, महाकवि कालिदास के जीवन और उनकी साहित्यिक रचनाओं से जुड़े विषयों को चित्रों के जरिए अभिव्यक्त किया। इसमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अठाना की कक्षा 12वीं की छात्रा यशोदा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बरथुन की छात्रा अक्षरा रावत द्वितीय तथा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, नीमच की कक्षा 10वीं की छात्रा महिमा तृतीय स्थान पर रहीं।
23 अक्टूबर को उज्जैन में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व-
जिलास्तरीय प्रतियोगिताओं की तीनों विधाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी 23 अक्टूबर 2026 को उज्जैन में आयोजित होने वाले संभाग स्तरीय अखिल भारतीय कालिदास समारोह में नीमच जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम जिला स्तरीय नोडल अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या मुंदड़ा तथा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, नीमच के प्राचार्य अरविंद कुमार शर्मा के सानिध्य में संपन्न हुआ।
इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ संस्कृत भाषा, महाकवि कालिदास की साहित्यिक परंपरा और भारतीय ज्ञान-परंपरा से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। साथ ही, ये कार्यक्रम संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन और विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति व साहित्य के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।