गुना। जिले के बजरंगगढ़ स्थित कुम्हार मोहल्ले में मंगलवार को राजाराम माली के घर में एलपीजी गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद ब्लास्ट हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गैस सिलेंडर की पुरानी नली से रिसाव होने के कारण अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने गंभीर रूप ले लिया और सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। घटना की आवाज से आसपास के क्षेत्र में हलचल मच गई।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही बजरंगगढ़ थाना प्रभारी कृपाल सिंह परिहार तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने सक्रियता दिखाते हुए स्थानीय निवासियों के सहयोग से आग पर काबू पाने और स्थिति को संभालने में मदद की।
सावधानी जरूरी: गैस की नली पुरानी या खराब होने पर उसका इस्तेमाल न करें। गैस रिसाव की आशंका होने पर आग या बिजली के स्विच का उपयोग न करें और तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाकर संबंधित आपातकालीन सेवा को सूचना दें।