झाबुआ। जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरतापूर्वक सुनीं, जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 54 आवेदन प्राप्त हुए कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन की वास्तविक स्थिति का परीक्षण कर पात्रतानुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्राम सेमलखेड़ी, तहसील रामा निवासी दिनेश पिता पिसूसिंह डावर ने ग्राम पंचायत रामा अंतर्गत चेक डैम का निर्माण किए बिना कागजों में कार्य पूर्ण दर्शाकर राशि आहरित किए जाने की शिकायत प्रस्तुत की इस पर कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत रामा को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
थांदला निवासी पन्नालाल एवं मूलचंद पिता रामचंद गवली ने अपनी स्वामित्व एवं आधिपत्य की भूमि पर कार्य करने से विपक्षीगणों द्वारा बलपूर्वक रोकने तथा विवाद किए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया, कलेक्टर ने प्रकरण में मौके पर राजस्व अधिकारी भेजकर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम भेरूपाड़ा, तहसील पेटलावद निवासी चैनसिंह पिता पूना मेड़ा ने आवास की व्यवस्था नहीं होने तथा पात्रता के बावजूद प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत कर योजना अंतर्गत नाम दर्ज कराने का अनुरोध किया।
ग्राम बिज्याडूंगरी निवासी तारसिंग पिता बच्चु ने सर्पदंश से मृत्यु होने के प्रकरण में शासन के नियमानुसार आर्थिक सहायता राशि प्रदान किए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।
ग्राम सदावा, तहसील रामा निवासी समुडा पिता नाथु भाबोर ने बताया कि वे ग्राम सदावा स्थित वन भूमि पर कई वर्षों से खेती कर रहे है, भूमि की नपती होने के बावजूद अब तक वनाधिकार पट्टा प्राप्त नहीं हुआ है उन्होंने वनाधिकार पट्टा प्रदान किए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।
इसी प्रकार ग्राम गोपालपुरा निवासी कमला पति फकीरचंद भाबोर ने ग्राम नाहरपुरा में उनके परिवार द्वारा पूर्व में क्रय की गई कृषि भूमि पर विपक्षीगणों द्वारा कब्जा कर खेती करने से रोके जाने की शिकायत प्रस्तुत की, उन्होंने संबंधितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कर भूमि वापस दिलाने का अनुरोध किया कलेक्टर ने तहसीलदार को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है सभी अधिकारी प्राप्त आवेदनों का गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ परीक्षण कर उनका नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करें, उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अनावश्यक विलंब के बिना उपलब्ध कराया जाए, साथ ही प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा कर शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।