मंदसौर। जिले में रबी फसलों के लिए यूरिया, डीएपी सहित सभी प्रकार के उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। किसानों को आसानी से खाद मिल सके, इसके लिए कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने वितरण व्यवस्था को और सुगम बनाने के निर्देश दिए हैं।
रविवार को कलेक्टर कार्यालय में भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें निर्णय लिया गया कि जिले के नगद विक्रय केंद्र अब सुबह 8 बजे से खुलेंगे और शनिवार को भी संचालित रहेंगे।
किसानों को कम समय में उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक वितरण केंद्र पर पांच पीओएस मशीनें रखी जाएंगी। इसके लिए शासन से 100 अतिरिक्त मशीनें मंगवाई जा रही हैं। साथ ही केंद्रों पर प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती भी की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि सहकारी समितियों और नगद विक्रय केंद्रों के अलावा जिले की 104 निजी दुकानों पर भी उर्वरक उपलब्ध है। किसानों को सभी केंद्रों पर समान दर और समान गुणवत्ता का खाद मिलेगा। कृषि विभाग के अनुसार, जिले में लगातार उर्वरक की आपूर्ति हो रही है। नीमच में नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड की रैक पहुंच चुकी है, जबकि कृभको की रैक से 3 हजार मीट्रिक टन यूरिया मिलने की संभावना है। सोमवार को लगभग 2,500 मीट्रिक टन यूरिया की एक और रैक आने की जानकारी दी गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को खाद के लिए परेशान न होना पड़े। साथ ही किसानों से अपील की गई कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और वितरण केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं।