उज्जैन। श्री काल भैरव मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. विक्रम रघुवंशी ने रविवार को मंदिर परिसर में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में किए गए निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता का जायजा लिया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. रघुवंशी ने स्वास्थ्य अमले को निर्देशित किया कि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके।
उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने तथा अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करने की हिदायत दी। साथ ही स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही या ड्यूटी के प्रति उदासीनता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सीएमएचओ डॉ. रघुवंशी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और उन्हें सुचारु रूप से स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।