शाजापुर। जिले में स्वामित्व योजना के अंतर्गत पंजीयन प्रक्रिया को सुचारू बनाने और फील्ड स्तर पर आ रही तकनीकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दल गठित किया गया है। अपर कलेक्टर काशीराम बड़ोले ने इस संबंध में आदेश जारी कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
गठित दल में सभी अनुविभागों के लिए जिला गवर्नेंस मैनेजर बीरम सिंह सौंधिया को नोडल अधिकारी बनाया गया है। शाजापुर एवं गुलाना अनुविभाग के लिए ई-दक्ष केंद्र के प्रशिक्षक प्रकाश गिरि गोस्वामी और तकनीकी सहायक दिलीप पाटीदार को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, शुजालपुर अनुविभाग के लिए सहायक ई-गवर्नेंस मैनेजर आकाश शेकदार और तकनीकी सहायक नितेश चंद्रवंशी को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, सभी अनुविभागों के लिए डीआईएस कोऑर्डिनेटर (वेबजीआईएस) रामबाबू सूर्यवंशी को दल में शामिल किया गया है।
अपर कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि योजना के क्रियान्वयन के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी जिला स्तर पर गठित दल को दें। दल के अधिकारी एवं कर्मचारी अनुभाग, तहसील और पंचायत स्तर पर सामने आने वाली तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रदेश स्तर पर गठित टीम से समन्वय स्थापित करेंगे, ताकि पंजीयन प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।