देवास। ग्राम चंदाना में हुई मौतों के मामले की जांच के दौरान अवैध शराब बिक्री के आरोप सामने आने के बाद देवास कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चंदाना निवासी विनोद जायसवाल सहित कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में वाइन शॉप के मैनेजर और सेल्समैन भी शामिल हैं।
थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने प्रताप नगर-अंबेडकर नगर क्षेत्र में नाकाबंदी कर वरना कार क्रमांक MP09CF3645 को रोका। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से देशी शराब की 6 पेटियां बरामद हुईं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अवैध शराब बिक्री से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आए। इसके बाद अलग-अलग टीमें गठित कर कार्रवाई की गई, जिसमें वाइन शॉप के मैनेजर और सेल्समैन सहित कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अवैध शराब कारोबार से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।
कार्रवाई में 54 लीटर देशी शराब, एक वरना कार, 10 मोबाइल फोन और ₹10 हजार नकद सहित लगभग ₹7.25 लाख का मश्रुका जब्त किया गया है।
ग्राम चंदाना में 15 और 18 अक्टूबर को दो व्यक्तियों की मृत्यु के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान मृतकों के परिजनों और अन्य लोगों ने विनोद जायसवाल द्वारा गांव में अवैध शराब बेचने की बात कही थी। पुलिस मामले की अग्रिम विवेचना कर रही है।