आगर मालवा। जिले के नलखेड़ा में मां बगलामुखी देवी लोक के निर्माण की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को 85 करोड़ 40 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। देवी लोक में 108 फीट ऊंचा मंदिर शिखर, 220 यज्ञशालाएं, चार भव्य प्रवेश द्वार, गौशाला और वीवीआईपी भवन बनाया जाएगा। लखुंदर नदी के किनारे घाट और श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए धर्मशालाएं भी विकसित की जाएंगी। सरकार की तैयारी सिंहस्थ 2028 से पहले इस धार्मिक स्थल को भव्य स्वरूप देने की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर के रास्ते में जिस पुलिया पर दुर्घटना हुई थी, उसे नए सिरे से बनाया जाएगा। इसके लिए मार्ग को पर्याप्त चौड़ा किया जाएगा, ताकि भविष्य में श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। मंदिर तक आने-जाने के लिए नए फोरलेन मार्ग का भूमिपूजन भी किया गया है। इसके अलावा मां बगलामुखी धाम तक पहुंच आसान बनाने के लिए नया बायपास बनाया जा रहा है।
सीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने लखुंदर नदी के किनारे घाट बनाने और धर्मशालाओं में ठहरने की व्यवस्था विकसित करने की बात भी कही।
108 फीट ऊंचा शिखर, 220 यज्ञशालाएं बनेंगी
देवी लोक के पहले चरण में मंदिर परिसर को विस्तार दिया जाएगा। मुख्य मंदिर 2,800 वर्गमीटर क्षेत्र में बनेगा और इसका शिखर 108 फीट ऊंचा होगा। धार्मिक अनुष्ठानों के लिए 220 यज्ञशालाएं बनाई जाएंगी। परिसर में 625 वर्गमीटर क्षेत्र में गौशाला, चार प्रवेश द्वार, सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल और विशिष्ट अतिथियों के लिए वीवीआईपी भवन भी प्रस्तावित है।
मां बगलामुखी मंदिर लखुंदर नदी के किनारे स्थित है और दस महाविद्याओं में से एक मां बगलामुखी को समर्पित है। देवी लोक के निर्माण से नलखेड़ा में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
महाकाल लोक के बाद अब नलखेड़ा की बारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा महाकाल के महालोक के निर्माण के बाद उज्जैन में बदलाव आया है। इसी तरह मां बगलामुखी देवी लोक बनने से नलखेड़ा और आसपास के क्षेत्र का विकास होगा। उन्होंने ओरछा, ओंकारेश्वर और अन्य धार्मिक स्थलों पर चल रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश के 14 धार्मिक नगरों में हजारों करोड़ रुपए के काम किए जा रहे हैं। सरकार के लिए ये स्थल आस्था और श्रद्धा के केंद्र हैं।
उन्होंने कहा कि सिंहस्थ 2028 तक धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं और निर्माण कार्यों को गति दी जा रही है। देवी लोक को भी इसी दिशा में विकसित किया जाएगा।
सत्य सनातन यात्रा पर दिग्विजय सिंह को घेरा
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का नाम लिए बिना उनकी सत्य सनातन यात्रा पर तंज कसा। उन्होंने कहा, “हम वह लोग नहीं हैं, पहले चंदा दे दें, बाद में चंदे की वापस मांग करें और ढोंग करें कि हम यात्रा निकालेंगे।”
सीएम ने राम मंदिर और सनातन धर्म को लेकर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भगवान और धर्म के मामलों में श्रद्धा के साथ आगे बढ़ना चाहिए।