बुरहानपुर। नवागत कलेक्टर विवेक कुमार ने सोमवार को जिले में पुनर्घनत्वीकरण योजना के तहत निर्मित एवं निर्माणाधीन भवनों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेणुका माता मंदिर के पास निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिटी पैलेस के समीप स्थित पॉलीक्लिनिक और नवीन तहसील कार्यालय का जायजा लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने, कार्यों में तेजी लाने और आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर विवेक कुमार ने करीब 7 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के नक्शे का मौके पर अवलोकन किया। उन्होंने परिसर में प्रस्तावित कक्षों, खेल गतिविधियों से जुड़ी सुविधाओं, कैफेटेरिया, जिम और ड्रेसिंग रूम सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इसके बाद कलेक्टर ने सिटी पैलेस के समीप स्थित पॉलीक्लिनिक के पूरे परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने लेबर रूम और जनरल वार्ड की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही परिसर में बाउंड्रीवॉल निर्माण और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। पॉलीक्लिनिक के सामने स्थित सड़क के चौड़ीकरण के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा, ताकि मरीजों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नवीन तहसील कार्यालय की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ एवं अपर कलेक्टर सृजन वर्मा, डिप्टी कलेक्टर भागीरथ वाखला सहित नगर निगम, हाउसिंग बोर्ड और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।