चित्तौड़गढ़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने सोमवार को ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं, निर्वाचन सामग्री के रखरखाव और निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने वेयरहाउस में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण तथा निर्वाचन सामग्री के रखरखाव का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए और भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाए।
डॉ. मंजू ने अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने, सुरक्षा उपकरणों की समय-समय पर जांच करने तथा वेयरहाउस की सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने और सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का निर्धारित मानकों के अनुसार पालन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक, तहसीलदार चित्तौड़गढ़, कार्यालय अधीक्षक विवेक व्यास सहित निर्वाचन विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे।