चित्तौड़गढ़। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत मतदाताओं को जागरूक करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले की तीन पंचायत समितियों में ब्लॉक स्तरीय मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक कर अधिकाधिक मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू के निर्देशानुसार मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं जिला परिषद के स्वीप प्रभारी विनय पाठक ने बताया कि पंचायत समिति भूपालसागर में 27 अक्टूबर, राशमी में 28 अक्टूबर और डूंगला में 29 अक्टूबर 2026 को ब्लॉक स्तरीय स्वीप (SVEEP) गतिविधियां आयोजित होंगी।
रैली, मतदान शपथ और प्रतियोगिताओं से देंगे जागरूकता का संदेश-
कार्यक्रमों के तहत मतदाता जागरूकता रैली निकाली जाएगी। इसके साथ ही मतदान शपथ, मतदान जागरूकता से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को मतदान के अधिकार और महत्व की जानकारी देते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने का संदेश दिया जाएगा।
विभागों और विद्यालयों की रहेगी सहभागिता-
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने संबंधित पंचायत समितियों के विकास अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रमों में विभिन्न विभागों और राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक मतदान जागरूकता का संदेश पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।
निर्धारित तिथियों पर होंगे कार्यक्रम-
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 अक्टूबर को पंचायत समिति भूपालसागर, 28 अक्टूबर को पंचायत समिति राशमी और 29 अक्टूबर को पंचायत समिति डूंगला में मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं में जागरूकता बढ़ाना और पंचायतीराज आम चुनाव-2026 में अधिकाधिक भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।