KHABAR : स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर इस वर्ष भी परंपरानुसार भव्य अखंड तिरंगा यात्रा का किया जाएगा आयोजन, कोटा और बूंदी से आए कलाकारों द्वारा आकर्षक भव्य आतिशबाजी का प्रदर्शन, पढे़ रवि पोरवाल की खबर
मंदसौर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर इस वर्ष भी परंपरानुसार भव्य अखंड तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। विगत 8 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रही यह यात्रा 14 अगस्त की शाम आज़ाद चौक से प्रारंभ होगी। शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भारत माता चौराहा पहुंचेगी, जहां भारत माता की आरती के साथ इसका समापन होगा। समापन के उपरांत कोटा और बूंदी से आए कलाकारों द्वारा आकर्षक भव्य आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा, जो देशभक्ति के माहौल को और अधिक रोशन करेगा। इस आयोजन में बड़ी संख्या में शहरवासी, युवा और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य शामिल होकर तिरंगे की शान बढ़ाएंगे। यात्रा में जगह-जगह देशभक्ति गीतों की धुन और नारों से वातावरण गूंजेगा, वहीं सैकड़ों मोटर साइकिल और चारपहिया वाहनों पर तिरंगे लहराते दिखाई देंगे। आयोजन की तैयारी को लेकर गौरव अग्रवाल एवं अखंड भारत तिरंगा यात्रा समिति के सभी सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। यात्रा मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने भी समिति के साथ मिलकर पूरे मार्ग का निरीक्षण किया, ताकि कार्यक्रम सुचारु और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके। आयोजकों का कहना है कि इस यात्रा का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना, युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम का संदेश फैलाना और तिरंगे के गौरव को जन-जन तक पहुंचाना है। शहरवासी इस आयोजन को लेकर उत्साहित हैं और स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशभक्ति के रंग में रंगने को तैयार हैं।