KHABAR : सिंथेटिक दूध बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल और रिफाइंड के भंडारण की सूचना पर छापा, प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई, 297 टिन रिफाइंड व वनस्पति घी जब्त, पढे़ देवेन्द्र सिंह राजपूत की खबर
मुरैना। जिले के अंबाह में प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शनिवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए बाईपास रोड स्थित बागेश्वर बालाजी ट्रेडर्स के गोदाम पर छापा मारा। अंबाह एसडीएम प्रतिज्ञा शर्मा को सूचना मिली थी कि गोदाम में रिफाइंड ऑयल और वनस्पति घी का भंडारण किया गया है। सूचना के बाद एसडीएम तहसीलदार के साथ मौके पर पहुंचीं और मुरैना से खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल परिहार को भी बुलाया गया। जांच के दौरान गोदाम से 297 टिन रिफाइंड ऑयल और वनस्पति घी बरामद हुआ। इनमें पामोलिन रिफाइंड, बिलक्रीम कोकोनट ऑयल, जैमिनी वनस्पति और प्रोटो वनस्पति जैसे ब्रांड शामिल बताए गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से रिफाइंड ऑयल के दो और वनस्पति घी का एक सैंपल, कुल तीन नमूने लिए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए भोपाल की लैब भेजा गया है। वहीं प्रशासनिक टीम को दूसरे गोदाम में हाइड्रोजन परॉक्साइड और सल्फ्यूरिक एसिड की पांच केन भी मिलीं। इन केमिकल्स के संबंध में गोदाम संचालक विष्णु अग्रवाल से जानकारी मांगी गई, लेकिन टीम के अनुसार वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार और पटवारियों की टीम ने 297 टिन रिफाइंड व वनस्पति घी को जब्त कर लिया और दोनों गोदामों को सील कर दिया। अब खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए तीनों सैंपलों की लैब रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और केमिकल के इस्तेमाल से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।