KHABAR : पीएमएफएमई योजना से रोशन अजमेरा ने शुरू की ऑयल मिल, बढ़ी आय और आत्मनिर्भरता की राह हुई मजबूत, पढ़े खबर 

September 27, 2026, 11:08 am




नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन एवं उद्यानिकी विभाग के सहयोग से प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) जिले के छोटे उद्यमियों के लिए स्वरोजगार और व्यवसाय विस्तार का माध्यम बन रही है। योजना से लाभान्वित ग्राम धनेरिया, विकासखंड नीमच निवासी रोशन अजमेरा ने योजना के तहत ऑयल मिल स्थापित कर अपने व्यवसाय को नई दिशा दी है। इससे उनकी आय में वृद्धि हुई है और परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है। रोशन अजमेरा कृषि एवं डेयरी व्यवसाय से जुड़े हैं। उद्यानिकी विभाग से पीएमएफएमई योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपने व्यवसाय का विस्तार करने के लिए ऑयल मिल स्थापित करने का निर्णय लिया। योजना के तहत उन्हें 22 लाख 50 हजार रुपए का ऋण तथा 8 लाख 83 हजार 937 रुपए का अनुदान मिला। इस वित्तीय सहायता से उन्होंने ऑयल मिल का संचालन शुरू किया। वार्षिक आय में हुआ इजाफा- ऑयल मिल शुरू होने के बाद अजमेरा को अपने व्यवसाय के विस्तार का अवसर मिला। उनके अनुसार, पहले उनकी वार्षिक आय करीब 80 हजार से 1 लाख रुपए थी, जो अब बढ़कर लगभग 2 से 3 लाख रुपए हो गई है। आय में वृद्धि से वे परिवार की आवश्यकताओं को पहले की तुलना में बेहतर तरीके से पूरा कर पा रहे हैं। बच्चों की शिक्षा और अन्य घरेलू खर्चों में भी उन्हें सुविधा मिली है। बढ़ती आय से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के प्रयास कर रहे हैं। रोशन अजमेरा ने बताया कि पीएमएफएमई योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता और मार्गदर्शन से उन्हें अपना उद्यम शुरू करने तथा उसे विस्तार देने का अवसर मिला। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजनाओं के माध्यम से छोटे उद्यमियों को व्यवसाय आगे बढ़ाने के अवसर मिल रहे हैं।

संबंधित समाचार

VOICE OF MP