NEWS : लायंस क्लब की चार्टर नाइट पर नगर पालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य का भव्य सम्मान, क्लब के 28वें स्थापना दिवस पर जुटे गणमान्य, समाज सेवा में योगदान को किया याद, पढे़ अनिल ऐरन की खबर
माउंट आबू। लायंस क्लब ऑफ माउंट आबू के तत्वावधान में क्लब का 28वां स्थापना दिवस समारोह, चार्टर नाइट एवं नगर पालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य के जोनल अध्यक्ष बनने के उपलक्ष्य में हिलॉक सभागृह में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सम्मान समारोह के साथ रात्रि भोज का आयोजन भी हुआ। समारोह में लायंस क्लब डिस्ट्रिक्ट गवर्नर निशांत जैन, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एडवोकेट अविनाश शर्मा, माउंट आबू लायंस क्लब अध्यक्ष अजय बंसल, सचिव आकाश गर्ग, नगर पालिका उपाध्यक्ष विशाल बंसल और नगर पालिका आयुक्त त्रिकम दान चारण सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य का सम्मान किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य ने कहा कि वे पिछले दो दशक से लायंस क्लब से जुड़े हुए हैं। समाज सेवा और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के कारण आज उन्हें नगर पालिका के सेवक के रूप में कार्य करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका उपाध्यक्ष विशाल बंसल और पार्षद महेंद्र सिंह परमार भी लायंस क्लब के सदस्य हैं। यह गौरव की बात है कि प्रदेश में करीब 44 पार्षद लायंस क्लब से जुड़े हैं, जिनमें चार से पांच सदस्य अध्यक्ष पद पर भी सुशोभित हुए हैं। आचार्य ने कहा कि लायंस क्लब विश्व का सबसे बड़ा स्वयंसेवी संगठनों में से एक है, जो लोगों को समाज सेवा के लिए प्रेरित करता है और सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करता है। कार्यक्रम को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर निशांत जैन, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एडवोकेट अविनाश शर्मा, क्लब अध्यक्ष अजय बंसल और सचिव आकाश गर्ग ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने क्लब की सामाजिक गतिविधियों और सेवा कार्यों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर नगर पालिका आयुक्त त्रिकम दान चारण, सेंट जोसेफ स्कूल माउंट आबू के प्रबंध निदेशक एवं लायंस क्लब के चार्टर मेंबर के.के. कॉन्टेक्टर, श्रीमती खुर्शीद कॉन्टेक्टर सहित उनके परिवारजन और क्लब के सदस्य मौजूद रहे। समारोह में समाज सेवा के क्षेत्र में लायंस क्लब की भूमिका को रेखांकित करते हुए स्थापना दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया।