NEWS : मुरला में रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश, राजस्थान क्रिकेट टीम की कप्तान सुमित्रा जाट और जिला कलक्टर डॉ. मंजू के बीच हुआ प्रेरक संवाद, बालिका शिक्षा और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन का संदेश, पढ़े रेखा खाबिया की खबर
चित्तौड़गढ़। विकसित भारत जन सेवा अभियान-2026 के तहत भूपालसागर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत मुरला के मुख्यालय पर जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल आयोजित की गई। चौपाल में जिला कलक्टर ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं एवं परिवाद सुने और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण कर परिवादियों को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बालिका शिक्षा को विशेष महत्व दिया जाना चाहिए। बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से बालिकाओं की शिक्षा जारी रखने और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश- रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं एवं मांगें जिला कलक्टर के समक्ष रखीं। उन्होंने एक-एक परिवाद को गंभीरता से सुना तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों से संबंधित प्रकरणों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि चौपाल में प्राप्त परिवाद केवल दर्ज करने तक सीमित नहीं रहें, बल्कि उनका समयबद्ध निस्तारण कर संबंधित व्यक्ति को राहत मिलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को चिन्हित कर लाभान्वित करें। सुमित्रा जाट और जिला कलक्टर के बीच हुआ प्रेरक संवाद- रात्रि चौपाल में राजस्थान महिला क्रिकेट टीम की कप्तान सुमित्रा जाट और जिला कलक्टर डॉ. मंजू के बीच हुआ संवाद विशेष आकर्षण रहा। जिला कलक्टर ने सुमित्रा जाट को राजस्थान क्रिकेट टीम की कप्तान बनने पर बधाई देते हुए कहा कि महिलाएं आज खेल, प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़कर नेतृत्व कर रही हैं। सुमित्रा जाट ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि टीम की कप्तानी में प्रत्येक खिलाड़ी की क्षमता को समझना, सभी को साथ लेकर चलना और टीम का मनोबल बनाए रखना महत्वपूर्ण है। इसके बाद उन्होंने जिला कलक्टर से जिले के प्रशासन के संचालन और सामने आने वाली चुनौतियों को लेकर सवाल किया। जिला कलक्टर ने कहा कि जिस तरह कप्तान पूरी टीम को साथ लेकर लक्ष्य की ओर बढ़ता है, उसी तरह प्रशासन में भी विभिन्न विभागों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। प्रशासन की जिम्मेदारी आमजन की समस्याएं सुनने और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की है। सुमित्रा जाट ने अपने गांव की समस्याओं को भी प्रमुखता से रखते हुए नियमित साफ-सफाई तथा ग्रामीणों के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आरओ की व्यवस्था की मांग रखी। जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बच्चों की प्रतिभा से प्रभावित हुईं जिला कलक्टर- रात्रि चौपाल में मुरला ग्राम पंचायत के दो बालकों ने सामान्य ज्ञान एवं विभिन्न देशों की राजधानियों से जुड़े सवालों के तुरंत और सही जवाब देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने दोनों बालकों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। बच्चों को नियमित अध्ययन के साथ अपनी जिज्ञासा बनाए रखनी चाहिए और आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। जिला कलक्टर ने दोनों बच्चों से उनकी पढ़ाई और अन्य गतिविधियों के बारे में भी बातचीत की। चौपाल में मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।