BIG NEWS : 121 ग्राम एमडी ड्रग्स मामले में पांच महीने बाद तीसरी गिरफ्तारी, चंदवासा का राहुल राठौड़ धराया, अब खाकी की पूछताछ में खुल सकते हैं ड्रग्स नेटवर्क के कई बड़े राज, पढ़े कमलेश प्रजापति की खबर 

September 27, 2026, 10:37 am




गरोठ/शामगढ़। अप्रैल 2026 में टिगरिया बादशाह रोड पर 121 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़े गए दो आरोपियों से पूछताछ के बाद क्राइम ब्रांच ने मामले में तीसरी गिरफ्तारी की है। पुलिस ने मंदसौर जिले के शामगढ़ थाना क्षेत्र के चंदवासा निवासी राहुल राठौड़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस उससे ड्रग्स के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। 121 ग्राम एमडी के साथ पकड़े गए थे दो आरोपी- पुलिस के अनुसार, 15 अप्रैल को क्राइम ब्रांच ने टिगरिया बादशाह रोड स्थित टीसीएस चौराहे के पास नाहरगढ़ निवासी शैलेन्द्र चौहान को पकड़ा था। उसके पास से 121 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपए बताई गई थी। पूछताछ के बाद पुलिस ने इसी मामले में नाहरगढ़ निवासी चेतन राठौर को भी गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस राहुल राठौड़ तक पहुंची। उसे मंदसौर से गिरफ्तार कर इंदौर लाया गया। खेती-किसानी करता है राहुल- पुलिस के अनुसार, राहुल राठौड़ खेती-किसानी करता है और 10वीं कक्षा तक पढ़ा है। शामगढ़ थाने में उसके खिलाफ मारपीट और जुआ एक्ट के दो मामले पहले से दर्ज हैं। एडीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने बताया कि पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान राहुल का नाम सामने आया था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। अब उससे एमडी ड्रग्स के स्रोत और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।  

संबंधित समाचार

VOICE OF MP