नीमच। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जानकारी के अनुसार ट्रक के माध्यम से अवैध डोडाचूरा का परिवहन किया जा रहा था। सीबीएन ने जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंच भारी मात्रा में डोडाचूरा जब्ती की कार्यवाई की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीबीएन की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक सीमेंट के परिवहन के बहाने बड़ी मात्रा में अवैध डोडाचूरा का परिवहन कर रहा है जो चित्तौढग़ढ़ से होकर गुज़रेगा। सूचना मिलते ही सीबीएन ने टीम गठित कर अधिकारियों को मौके के लिए रवाना किया। अधिकारियों ने उक्त ट्रक को रोका और तलाशी ली। तलाशी में सीमेंट के बैग ले जा रहे टाटा ट्रॉलर ट्रक 39 काले कट्टे रखे मिले। इन कट्टों में 787 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा भरा मिला। इस पर संबंधित ट्रक के चालक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर डोडाचूरा लाने व ले जाने के संबंध में पूछताछ की जा रही है।