नीमच। यूनाइटेड फोरम फॉर पावर एम्पलाइज एवं इंजीनियर्स और मध्य प्रदेश विद्युत मंडल पेंशनर्स एसोसिएशन की नीमच इकाई द्वारा आज अपनी मांगों को लेकर फोर जीरो भारत माता चौराहे नीमच पर धरना प्रदर्शन किया गया। धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में संगठन के महिला पुरुष सदस्यों ने हिस्सा लेकर सरकार के प्रति गहरा रोष व्यक्त करते हुए नारेबाजी की तथा रघुपति राघव राजा राम जैसे भजन गाए।
पेंशनर्स एसोसिएशन सदस्यों का कहना था कि शासन और विद्युत कंपनियां लंबे समय से पेंशनर्स की मांगों की उपेक्षा कर रही है। जिससे गहरा असंतोष व्याप्त है। पेंशनर्स आर्थिक तंगी और बदहाली का जीवन जी रहे है। पेंशनर्स एसोसिएशन की मांग है कि विद्युत पेंशनर्स को राज्य पेंशनर्स की तरह 6 प्रतिशत एवं केंद्र सरकार के समान 38 प्रतिशत तथा समय-समय पर की जा रही महंगाई राहत में वृद्धि हेतु कंपनी प्रशासन को आदेशित किया जाए। छठे वेतनमान का 32 माह का एवं सातवें वेतनमान का 27 महीने के एरियर का भुगतान किया जाए। पेंशनर्स को आयुष्मान योजना और पेंशन बीमा योजना से जोड़ा जाए। अपनी 12 सूत्री मांग करते हुए पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि उनकी मांगे नहीं मानी गई तो 24 तारीख को भोपाल में धरना दिया जाएगा। सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधियों का घेराव करेंगे। मांगे पूरी नहीं होने पर आमरण अनशन किया जाएगा। यहां उल्लेखनीय है कि राज्य में विद्युत पेंशनर्स की संख्या 55000 तथा जिले में करीब 6000 से अधिक है।