नीमच। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत वाटर शेड परियोजना के तहत फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन एफपीओ मनासा विकासखंड में फूलपूरा परियोजना में सबसे पहले गठित हुआ है। उक्त एफपीओ के साथ-साथ किसानों की सुविधा हेतु कस्टमर हायरिंग सेंटर सीएचसी बनाने हेतु प्रस्तावित स्थानों का निरीक्षण मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गुरु प्रसाद द्वारा जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के अमले के साथ किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा प्रस्तावित स्थल ग्राम पंचायत फूलपुरा के ग्राम जुनापानी में निरीक्षण उपरांत प्रस्तावित स्थल की सुरक्षा हेतु सीपीटीए वृक्षारोपण एवं निकट में बने चेक डेम की मरम्मत कराने और गहरीकरण कार्य कराने के निर्देश संबंधित ग्राम पंचायत को दिए गए। उक्त स्थल विकसित होने पर कृषि उपकरणों के साथ.साथ पशु चिकित्सा, मत्स्य पालन और कृषक सहायता केंद्र के रूप में यह सेंटर कार्य करेगा और क्षेत्रीय कृषकों को उन्नत करने में सहयोग प्रदान करेगा।