नीमच। सर्पदंश से 5 वर्षीय बालक की मृत्यु के मामले में प्रशासन ने उसके परिजन को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, नीमच द्वारा मृतक की माता श्रीमती शिवकन्या, निवासी पिपलियामंडी, जिला मंदसौर के पक्ष में यह सहायता राशि मंजूर की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 मई 2026 को ग्राम अरणिया चंदेल, तहसील जीरन में अपने नाना-नानी के घर आए 5 वर्षीय बालक परवीन (ईशु), पिता दुर्गीलाल नायक, की घर के आंगन में खेलते समय जहरीले सांप के डसने से मृत्यु हो गई थी।
प्रकरण में प्रस्तुत राजस्व अभिलेखों और जांच प्रतिवेदन के आधार पर सर्पदंश से बालक की मृत्यु की पुष्टि होने के बाद राजस्व पुस्तक परिपत्र खंड-6, क्रमांक 4 के प्रावधानों के तहत 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।