चित्तौड़गढ़। भारतीय स्टेट बैंक चित्तौड़गढ़ की समस्त स्थानीय शाखाओं एवं क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय के कर्मचारियों ने रोडवेज बस स्टैंड की सफाई कर स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत स्वच्छता का संदेश दिया। एसबीआई कर्मचारियों द्वारा क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय मीरा नगर से रोडवेज बस स्टैंड तक रैली निकालकर आमजन को ष्स्वच्छ और हरित हो अपना देश, यही हमारा उद्देश्यष् का संदेश दिया। रैली के रूप में रोडवेज बस स्टैंड पहुंचकर वहां सभी ने समुचित सफाई कर स्वच्छता जागरूकता का संदेश दिया। इस मौके पर क्षेत्रीय प्रबंधक अजय कुमार झा सहित प्रबंधक गोपाल लाल लखारा, एसबीआई के मुख्य प्रबंधक ललित शर्मा, अजय कुमार पंचोली, गोविंद लाल तोषनीवाल, अकरम मंसूरी व एसबीआई की स्थानीय शाखा व क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय के स्टाफ मौजूद थे।
क्षेत्रीय प्रबंधक अजय कुमार झा ने कहा कि 16 से 31 जनवरी तक एसबीआई द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। शहर में सबसे ज्यादा आवागमन रोडवेज बस स्टैंड पर होता है, इसलिए एसबीआई द्वारा आज यहां से सफाई व्यवस्था का संदेश दिया। अधिकारियों कर्मचारियों ने रोडवेज बस स्टैंड पर चारों तरफ सफाई की व बस स्टैंड के प्लेटफार्म सहित मुख्य स्थानों को पानी से स्वच्छ किया। रोडवेज बस स्टैंड के गार्डन में बड़ी मात्रा में एकत्र कचरे को भी मिलकर साफ किया गया। कचरा एकत्र कर नगर परिषद को सौंपा गया। झा ने बताया कि भारतीय स्टेट बैंक द्वारा 31 जनवरी तक यह कार्यक्रम चलाया जाएगा। जिसमें विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था को अंजाम दिया जाएगा।