भवानीमंडी। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार दिनांक 11 फरवरी 23 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में राजीनामा योग्य न्यायालय में लंबित प्रकरणों के अधिकाधिक निस्तारण हेतु जिले के सभी न्यायालयों में पक्षकारान के मध्य प्री काउंसलिंग की जाकर पक्षकारान में सुलह वार्ता के जरिए निस्तारण के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस बार की लोक अदालत की विशेषता यह है कि इस लोक अदालत में सिविल न्यायालय में लंबित प्रकरणों के साथ-साथ राजस्व न्यायालय में लंबित प्रकरण राजस्व विवाद, पैमाइश विवाद, डिवीजन ऑन होल्डिंग आदि रखे जाएंगे, जिससे पक्षकारान को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश शिवचरण मीणा ने बताया कि कोर्ट में पहले मुकदमा दायर होने के बाद नियत पेशियों के अनुसार चलते थे किंतु लोक अदालत में प्रकरण रखने के बाद दोनों पक्षों में राजीनामा होने पर हाथों-हाथ प्रकरण का निस्तारण हो जाता है जिससे पक्षकारान को अनावश्यक न्यायालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ते हैं। उन्होंने बताया कि न्यायालयो में मुकदमों की बढ़ती संख्या एवं बरसों बरस तक मुकदमे चलने से परीवादियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है लेकिन लोक अदालत एक ऐसा माध्यम है जिससे राजीनामे से मुकदमों का निस्तारण तो होता ही है एवं लोक अदालत में निपटने वाले प्रकरणों की वापस अपील भी नहीं होती है।
लोक अदालत क्या है- लोक अदालत एक ऐसा माध्यम है जहां न्यायालय में लंबित विवादों या पूर्व मुकदमेबाजी की स्थिति से जुड़े मामलों को समझौता या सौहार्दपूर्ण तरीके से उनका निस्तारण करना है। लोक अदालत द्वारा प्रकरण का निस्तारण समझौते के माध्यम से किया जाकर वैधानिक निर्णय दिया जाता है जो कि अंतिम एवं सभी पक्षों पर बाध्यकारी होता है।
अपर जिला सेशन न्यायाधीश शिवचरण मीणा ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में तालुका के न्यायालयो में लंबित प्रकरणों में शमनीय दाण्डिक अपराध, अंतर्गत धारा 138 पराक्रम विलेख अधिनियम, बैंक रिकवरी मामले एमएसिटी मामले, वैवाहिक विवाद, श्रम विवाद, भूमि अधिग्रहण मामले, मजदूरी, भत्ता, पेंशन भत्तों से संबंधित सेवा मामले, अन्य सिविल मामले आदि प्रकरण रखे जाकर उनका राजीनामा से निस्तारण का प्रयास किया जाएगा।
इसी क्रम में आज दिनांक 22 जनवरी 2023 को न्यायालय परिसर भवानी मंडी पर प्री काउंसलिंग आयोजित की गई। जिसमें न्यायालय द्वारा नियुक्त काउंसलर अनूप पाटीदार तथा समाजसेवी राधेश्याम काला द्वारा पक्षकार में प्री काउंसलिंग कराई गई तथा प्रकरणों के निस्तारण का प्रयास किया गया। इसके साथ साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उपस्थित होकर आमजन को शिविर में लाभान्वित किया गया।
जिसमें सहायक कृषि अधिकारी चेचलाल, पंचायत राज विभाग से सुरेंद्र कुमार दानम, प्रीति वर्मा, राजाराम मीणा एवं हरीश कुमार उपस्थित रहे। मेडिकल विभाग से डॉ दिलीप कुमावत, नर्सिंग स्टाफ जितेंद्र खींची एवं अजहरुद्दीन तथा एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी से ब्लॉक कोऑर्डिनेटर कालूलाल लोधा उपस्थित रहे तथा प्री काउंसलिंग में सहयोग प्रदान किया।