देवास। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एमपी शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत जिले में सास-बहू सम्मेलन आयोजित किये जा रहे हैं। कार्यक्रम में सास-बहू को एक साथ स्वास्थ्य संस्था में आमंत्रित कर सम्मेलन कराया जा रहा है। मिशन परिवार विकास कार्यक्रम अन्तर्गत परिवार कल्याण कार्यक्रम को और मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस अनूठी पहल की शुरुआत की गयी। इसी के तहत उप स्वास्थ्य केंद्र क्षिप्रा में सास-बहु सम्मेलन का आयोजन किया गया।
उप स्वास्थ्य केंद्र क्षिप्रा में आयोजित सास बहू सम्मेलन में मिशन परिवार विकास कार्यक्रम के तहत परिवार कल्याण कार्यक्रम के उद्देश्य को पूर्ण करने, परिवार नियोजन के लिए स्थानीय सास बहुओं में परस्पर संवाद स्थापित कर छोटे परिवार और सुखी परिवार के महत्व की जानकारी दी गई।
शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय के डॉ. सुभाष चंद्र भार्गव ने कहा कि सास बहू आपस में तालमेल बनाते हुए सामंजस्य कायम करें। किसी तरह की छोटी-छोटी बातांे में विरोधाभास उत्पन्न न हो। उप स्वास्थ्य महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता नीलिमा परमार ने बताया कि सास-बहू एक दूसरे के पूरक है। हमेशा स्वास्थ्य के बारे में जानकारियों का आदान-प्रदान करते हुए परिवार नियोजन के बारे में निर्णय लिया जाना चाहियें। दो बच्चो के मध्य अंतर रखने के लिए अस्थाई साधनों की जानकारी दी। साथ ही टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में इमरान शेख ने कहा कि सास बहू परिवार नियोजन की खुल कर बाते कर अमल करें तो यकीनन परिवार सुखी और खुशहाल रहेगा। सम्मेलन का संचालन करते हुए सेक्टर सुपरवाइजर इकबाल मोदी ने कहा कि परिवार में भ्रांतियों को दूर करे, टीकाकरण समय पर करवाये उच्च जोखिम वाली गर्भवती माताओं की शीघ्र पहचान कर उपचार करवाए तथा सुरक्षित प्रसव करवाए। स्वास्थ्य कार्यकर्ता सुरेश पटेल ने भाग लेने वाले सभी सदस्यों का आभार माना।