सनवाड़। मेवाड़ यादव युवा विकास संस्थान के तत्वावधान में रविवार को 12वें रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 70 यूनिट रक्तदान किया। रक्त संग्रहण का कार्य आरएनटी मेडिकल कॉलेज की टीम द्वारा किया गया।
संस्थान के अध्यक्ष राजकमल यादव एवं सचिव रामलाल यादव ने बताया कि रक्तदान महादान की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में समाज के युवाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान देने का संदेश भी दिया गया।
रक्तदान शिविर के साथ ही मेवाड़ यादव महापंचायत एवं सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति के पूर्व अध्यक्ष विनोद यादव की उपस्थिति तथा मेवाड़ यादव महापंचायत के पूर्व अध्यक्ष सुखदेव यादव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
शपथ ग्रहण समारोह में मेवाड़ यादव महापंचायत के अध्यक्ष सोहनलाल यादव, महामंत्री कमलेश यादव तथा सामूहिक विवाह समिति के अध्यक्ष करण सिंह यादव ने अपनी-अपनी कार्यकारिणी के साथ पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अर्जुन यादव ने किया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, युवा एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। यह जानकारी मेवाड़ यादव समाज के मीडिया प्रभारी कपिल यादव (उदयपुर) एवं दीपक यादव (सनवाड़) द्वारा दी गई।