देवास। जिले के ग्राम डाबरी निवासी सपना को शासकीय अस्पताल में प्रसव कराने पर जननी सुरक्षा योजना का लाभ मिला है। सपना पति भरोस ने गर्भ का पता चलते ही ग्राम की आशा कार्यकर्ता देविका विश्वकर्मा को जानकारी दी। गर्भावस्था की जानकारी मिलने पर आशा द्वारा शीघ्र पंजीयन किया गया एवं प्रथम त्रैमास में ए.एन.एम. चमेली चौहान के माध्यम से शासकीय स्वास्थ्य संस्था में पंजीयन करवाया। समय-समय पर सीएचओ अर्चना उपाध्याय द्वारा जांच और उपचार, टीकाकरण करवाया। शासकीय प्रसूति केंद्र प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमानिया में प्रसव होने पर। जननी सुरक्षा योजना के तहत बच्चे के जन्म पर 1400 रूपये की प्रोत्साहन राशि मिली। आशा द्वारा इनके घर नियमित जाकर एचबीएनसी की सेवायें भी दी गई। योजना के संचालन के लिए सपना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को हृदय से धन्यवाद दे रही है।
उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत मॉ और बच्चे को पूर्ण सुरक्षा प्रदान करने जांच, उपचार, प्रसव पश्चात अस्पताल में भर्ती होने पर भोजन और परिवहन कि निःशुल्क सेवायें प्रदान कि जा रही है। गर्भधारण का पंजीयन गर्भावस्था के प्रथम त्रैमास में आशा, आंगनवाडी के माध्यम से ए.एन.एम. द्वारा अथवा शासकीय स्वास्थ्य संस्था मे पंजीयन किया जा रहा है। उन्हें जांच एवं उपचार सेवाओं का लाभ दिया जा रहा। शासकीय चिकित्सालय में प्रसव कराने पर जननी सुरक्षा योजना में ग्रामीण क्षेत्र की महिला को जननी सुरक्षा योजना अंतर्गत रूपये 1400 रूपये एवं शहरी क्षेत्र की महिला जननी सुरक्षा योजना में 1000 रूपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।