नीमच। नगर पालिका परिषद्, नीमच द्वारा नपाध्यक्ष स्वाति गौरव चौपड़ा के मार्गदर्शन एवं मुख्य नपा अधिकारी गरिमा पाटीदार के नेतृत्व में सम्पत्तिकर व जलकर की बकाया राशि की वसूली हेतु 1 मार्च से शिविरों का आयोजन प्रारंभ किया है। यह शिविर 12 अप्रैल तक शहर में अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किये जावेंगे, ताकि नागरिकों को सम्पत्तिकर व जलकर की बकाया राशि जमा कराने नगरपालिका कार्यालय न जाना पड़े व नागरिक अपने क्षेत्र में ही आयोजित शिविर में बकाया राशि जमा कराकर शिविर का लाभ प्राप्त कर सके।
उक्त जानकारी देते हुए नगरपालिका परिषद्, नीमच की राजस्व सभापति वंदना खण्डेलवाल ने बताया कि नपा द्वारा सम्पत्तिकर व जलकर की वसूली हेतु प्रारंभ किये गये शिविर के तहत 1 व 2 मार्च को इंदिरा नगर मांगलिक भवन व भारतमाता चौराहा 40 टैगोर मार्ग पर शिविर आयोजित है। इसके पश्चात् 3 व 6 मार्च को स्कीम नं. 36, चौराहा सांची दूध डेयरी के पास तथा कुम्हारा गली में चूने वाले के पास शिविर आयोजित होगा। इसी प्रकार 7 व 9 मार्च को जवाहर नगर बगीचा तथा सरोवर होटल के सामने, 10 व 13 मार्च को शिव माहेश्वरी के मकान के पास, भोलाराम कम्पाण्ड तथा राजीव नगर स्थित पुराना चौरड़िया अस्पताल के यहां, 14 व 15 मार्च को इंदिरा बाल मंदिर, दुकानों के पास, सिटी रोड़ तथा डूंगरवाल वकील सा. के मकान के पास, गांधी वाटिका के समीप, 16 व 17 मार्च को प्रायवेट बस स्टेण्ड बगीचे के पास तथा मिडिल स्कूल ग्राउन्ड, नीमच केन्ट, 20 व 21 मार्च को डॉ. शर्मा चिकित्सालय के पास, नया बाजार नीमच केन्ट व डॉ. अग्रवाल के मकान के पास, बगीचा शिक्षक नगर में, 24 व 27 मार्च को जायसवाल टेन्ट के पास, तिलक मार्ग व डॉ. बंसल चिकित्सालय के पास, अम्बेडकर रोड़ पर, 28 व 29 मार्च को पटेल प्लाजा के पास व सरस्वती शिशु मंदिर के पास 14/4 में तथा इसी प्रकार अप्रैल माह में 12 अप्रैल तक शहर के अन्य क्षेत्रों में शिविर का आयोजन होगा।
राजस्व सभापति खंडेलवाल ने बताया कि शिविर हेतु 6-6 कर्मचारियों के दो दल बनाये गये हैं। जो शिविर स्थल पर उपस्थित होकर नागरिकों के बकाया सम्पत्तिकर व जलकर की राशि जमा करेंगे। खण्डेलवाल ने बकायादारों से शिविर में उपस्थित होकर सम्पत्तिकर व जलकर की बकाया राशि जमा करवाने का अनुरोध किया है।