नीमच। मार्च महीने की शुरूआत के साथ ही मौसम में भी परिवर्तन दिखाई दे रहा है। मौसम यह बदलाव जम्मू कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से मिल रही नमी की वजह से हो रहा है। इसके कारण ही शुक्रवार को भी दोपहर बाद आसमान में बादल छाए। प्रदेश में आज नीमच-मंदसौर के साथ ही कई क्षेत्रों में हल्के बादल छाए। वहीं कई शहरों में देर शाम तक बारिश होने की संभावना भी जताई गई है। मौसम में आने वाले इस बदलाव से दिन में गर्मी से राहत रहेगी और तापमान में भी गिरावट आएगी।
मौसम विभाग के जानकारों की मानें तो 4 से 7 मार्च के बीच बादल छाने के साथ तेज हवा चलने के आसार रहेंगे। 5 मार्च को सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ ग्वालियर चंबल संभाग के मौसम को प्रभावित करेगा। यहां कहीं-कहीं बूदांबादी हो सकती है। बादल दिन के तापमान में ज्यादा बढोतरी नहीं होने देंगे। मार्च में एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय होने वाला है, जिससे अरब सागर से नमी आ रही है और राजस्थान में चक्रवातीय घेरा भी बन रहा है। इसके प्रभाव से बादल छाएंगे और पूर्वी व पश्चिमी मध्य प्रदेश में गरज चमक के साथ वर्षा की संभावना है। दक्षिण पश्चिमी मप्र व इंदौर में 5 व 6 मार्च को बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी के आसार है। चार-पांच मार्च को पश्चिमी मध्य प्रदेश में जबकि 6 व 7 मार्च को पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश होने के आसार हैं। इस अवधि में नीमच-मंदसौर में भी बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।