नीमच। प्रदेश में अच्छी वर्षा, सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना को लेकर लखेरा समाज द्वारा रविवार को भव्य धार्मिक आयोजन एवं चल समारोह निकाला गया। इस दौरान माता रानी की विशेष पूजा-अर्चना, हवन एवं भोग अर्पण कर खुशहाली की प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम के तहत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पर्यावरण मित्र मंडल द्वारा पौधारोपण किया गया। साथ ही मंदिर परिसर में नवनिर्मित हॉल का लोकार्पण भी किया गया, जो सर्व समाज के उपयोग के लिए उपलब्ध रहेगा।
मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष किशोर चौहान ने बताया कि देवनारायण महामंडलेश्वर जयंती के अवसर पर आयोजित यह चल समारोह पिछले 40 वर्षों से निरंतर निकाला जा रहा है। शोभायात्रा स्कीम नंबर-9 स्थित लखेरा समाज मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। आयोजन में बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु शामिल हुए।