नीमच। कृति संस्था द्वारा आयोजित सात दिवसीय चित्रकला प्रशिक्षण शिविर का समापन बच्चों की आकर्षक चित्र प्रदर्शनी के साथ हुआ। शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 50 बच्चों द्वारा बनाए गए लगभग 100 चित्र प्रदर्शित किए गए, जिन्हें अतिथियों एवं उपस्थित जनों ने सराहा।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि अंचल के ख्यात चित्रकार राहुल लोहार ने कहा कि कृति संस्था की चित्रकला प्रतियोगिताओं ने उनके कला जीवन को दिशा दी है। विशेष अतिथि जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष श्याम गुर्जर ने संस्था द्वारा बाल प्रतिभाओं को निखारने के प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रज्ञा माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य गिरिराज सिंह चौहान ने कहा कि कृति संस्था साहित्य और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में सराहनीय कार्य कर रही है। संस्था अध्यक्ष ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि शिविर में बच्चों ने सात दिनों तक चित्रकला, ग्लास पेंटिंग और क्ले आर्ट का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
शिविर संयोजक भरत जाजू ने प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रशिक्षकों दीपक भट्ट, ज्योतिका अग्रवाल, रचना ओझा एवं अश्मिका का सम्मान किया गया तथा सभी प्रतिभागी बच्चों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन से हुआ। संचालन डॉ. अक्षय पुरोहित ने किया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी, सदस्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में कला प्रेमी उपस्थित रहे।