नीमच। एंटी ड्रग ऑपरेशन के क्रम में विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन), सिंगोली मध्य प्रदेश इकाई के अधिकारियों ने चित्तौड़गढ़ से रघुनाथपुरा चौराहा भीमगढ़-रश्मी रोड, चित्तौड़गढ़ में चलने वाली एक निजी बस को रोका और बस में बैठे यात्री से 4.350 किलोग्राम अफीम बरामद की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चित्तौड़गढ़ से चलने वाली एक निजी बस में एक व्यक्ति द्वारा चित्तौड़गढ़ से जोधपुर अफीम ले जाने की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सीबीएन, सिंगोली के अधिकारियों की टीम गठित की गई और 03.03.2023 को तड़के रवाना कर संदिग्ध मार्ग पर निगरानी रखी गई। इसके बाद उक्त बस को सीबीएन टीम द्वारा रघुनाथपुरा चौराहा भीमगढ़-रश्मी रोड, चित्तौड़गढ़ में रोका गया। सघन चैकिंग के परिणामस्वरूप एक यात्री से 4.350 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। बरामद अफीम को जब्त कर लिया गया है और एक व्यक्ति को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है। आगे की जांच चल रही है।