नीमच। स्थानीय सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय नीमच की 03 छात्राओं ने विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन द्वारा जारी 2022 की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता तथा महाविद्यालय एवं जिले का नाम रोशन किया है।
प्राचार्य डॉ एनके डबकरा ने जानकारी देते हुए बताया कि महाविद्यालय की एमएससी कम्प्यूटर विज्ञान की छात्रा कु आस्था सोनी, एमएसडब्ल्यू की छात्रा कु कोईना सोलंकी, बीएचएससी की छात्रा कु ज्योति धाकड़ ने विश्वविद्यालय की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीतकर महाविद्यालय को गौरवान्वित किया। इसके अलावा महाविद्यालय की छात्रा कु पूजा मोटवानी ने एमएससी (कम्प्यूटर) की प्रावीण्य सूची में चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। महाविद्यालय के भौतिकी विभाग से एमएससी (भौतिकी) की छात्राएं कु भारती श्रीवास्तव, कु शिवानी लौहार, कु सिमरन यदुवंशी ने क्रमशः द्वितीय, चतुर्थ एवं पंचम स्थान प्राप्त किया। बीएससी की छात्रा कु युमांशी यदुवंशी ने दशम स्थान प्राप्त किया तथा बीएचएससी की ट्विंकल, कु रौनक लोकेश, कु चन्दा शर्मा एवं कु भावना ने क्रमशः तृतीय, चतुर्थ, पंचम एवं सप्तम स्थान प्राप्त किया।
उल्लेखनीय है कि महाविद्यालय में 04 विषयों में स्नातकोत्तर कक्षाएं संचालित है, जिनमें से जनभागीदारी द्वारा संचालित कोर्स एमएससी कम्प्यूटर एवं एमएसडब्ल्यू में छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रचा है। छात्राओं की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार द्वारा छात्राओं को हार्दिक बधाई दी एवं इनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही प्राचार्य डॉ एनके डबकरा ने इस महत्वपूर्ण एवं गौरवमयी उपलब्धि के लिए संबंधित विभागों के प्राध्यापक साथियों को बधाई दी।