रीवा। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने आज रीवा के मऊगंज में आयोजित एक कार्यक्रम में बड़ी घोषणा करते हुए मऊगंज को अलग जिला बनाने की घोषणा कर दी । उन्होंने मंच से कहा कि मऊगंज, नईगढ़ी, हनुमना और देवतालाब को मिलाकर मऊगंज नया जिला बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज रीवा पहुंचे, उन्होंने यहाँ संबल योजना 2.0 के अंतर्गत 27,310 श्रमिक परिवारों को सिंगल क्लिक के माध्यम से 605 करोड़ की अनुग्रह सहायता राशि का वितरण किया, सीएम शिवराज ने यहाँ 606 करोड़ रूपये से अधिक की राशि के विकासकार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।
मुख्यमंत्री जब मंच से जनता को संबोधित कर रहे थे तो उन्होंने एक ऐसी घोषणा की जिससे जनसमूह झूम उठा। उन्होंने मध्यप्रदेश में 53 जिले के अस्तित्व में आने की बात कहते हुए मऊगंज तहसील को नया जिला बनाने की घोषणा कर दी। सीएम ने कहा कि नईगढ़ी तहसील के 382 गाँव, मऊगंज तहसील के 341 गांव, 343 गाँव हनुमना तहसील के और देव तालाब तहसील के गाँव जोड़कर नया जिला होगा मऊगंज।