नीमच। डिजिटल शिक्षा के माध्यम से भावी पीढ़ी के भविष्य को संवारने का अनुकरणीय कार्य जावद क्षेत्र में हुआ है। भावी पीढ़ी का भविष्य संवारेगे, तो जावद का भविष्य भी अवश्य संवरेगा। हम सभी मिलकर अपने जावद को मध्य प्रदेश का सर्वाेत्तम शहर और तहसील बनाने का हर संभव प्रयास करेंगे। यह बात प्रदेश के सूक्ष्म लघु मध्यम उद्यम विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने 4 मार्च को जावद में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरेंद्र कुमार सखलेचा के जन्म दिवस के उपलक्ष में नगर परिषद द्वारा आयोजित जावद के गौरव दिवस के भव्य समारोह को संबोधित करते हुए कहीं।
इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष सोहन लाल माली, उपाध्यक्ष सूचित सोनी, श्याम काबरा, जनपद अध्यक्ष गोपाल चारण, सचिन गोखरू,अन्य जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, एसडीएम शिवानी गर्ग, डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा करोठिया व अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में जावद के शहरवासी, पुरुष व महिलाएं उपस्थित थी।
मंत्री सखलेचा ने कहा, कि आगामी एक, दो महीने में जावद क्षेत्र में 40 से 50 नए उद्योग स्थापित होंगे और अप्रैल माह तक इन उद्योगों का भूमिपूजन किया जावेगा। इससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा, कि हमारा और सरकार का यह प्रयास है, कि 3 से 4 साल में नीमच जिले में एक भी बेरोजगार ना रहे, सभी को कोई न कोई रोजगार अवश्य मिले।
मंत्री सखलेचा ने कहा, कि भादवामाता, अठाना, चडोल सड़क के निर्माण का कार्य भी प्रारंभ हो गया है। जावद नगर का रिंग रोड बन रहा है। यह हम सबके लिए गौरव की बात है। मंत्री सखलेचा ने कहा कि जावद क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा की सभी आधुनिक तकनीक टेक्नोलॉजी जावद में ही उपलब्ध हो, ऐसा प्रयास किया जा रहा है, जिससे कि जावद क्षेत्र के बच्चे किसी भी देश, प्रदेश के बच्चे से शिक्षा के मामले में पीछे ना रह पाए।
इस अवसर पर मंत्री सखलेचा की उपस्थिति में छोटे बच्चों द्वारा केक काटकर, जावद का गौरव दिवस मनाया गया।प्रारंभ में मंत्री सखलेचा ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरेंद्र कुमार सखलेचा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर, गौरव दिवस समारोह का शुभारंभ किया। जावद के गौरव दिवस समारोह में शहरवासियों का अपार उत्साह और भागीदारी देखने को मिली। तत्पश्चात नगर परिषद अध्यक्ष सोहन लाल माली, उपाध्यक्ष सूचित सोनी व पार्षदगणों ने पुष्पहार एवं पगड़ी पहनाकर अतिथियों का स्वागत किया। मंत्री सखलेचा द्वारा जावद नगर के विभिन्न मंदिरों की भजन मंडलियों को वाद्य यंत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विभिन्न नगरीय निकायो के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदगण, पंचायत पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, पत्रकारगण, अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में जावद शहर के पुरुष एवं महिलाएं उपस्थित थी।