मनासा। आज दिनांक 04 मार्च 2023 को राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस मनासा संभागीय कार्यालय प्रांगण में लाईन मेन दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यपालन यंत्री पी एस दांगी द्वारा माँ सरस्वती एवं भगवान विश्वकर्मा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर व माल्यार्पण के साथ हुआ। कार्यक्रम में मनासा संभाग के सभी वितरण केंद्र प्रभारी, नियमित/संविदा लाईन कर्मचारी (लाईन मेन) एवं संभागीय कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहे।
सहायक यंत्री उपसंभाग आर के जोशी द्वारा लाईनमेन को विद्युत सुरक्षा की शपथ के साथ कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डाला गया और सुरक्षा उपकरणों के उपयोग की प्रेरणा दी गई। लाईनमेन के सम्मान में कार्यपालन यंत्री द्वारा अपने सार गर्भित उद्बोधन में लाईन मेन के साथ के अपने अनुभव साझा कर उनके द्वारा विभाग में किये गए कार्यों की सराहना के साथ संभाग के कंपनी स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन का श्रेय लाईन मेन को दिया। प्रत्येक वितरण केंद्र प्रभारी सहायक/कनिष्ठ यंत्री द्वारा उद्बोधन में लाईन मेन द्वारा किये गए उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा की।
अर्जुन गुर्जर कार्यालय सहायक ने अपने उद्बोधन में कविता पाठ से पांडाल को भाव विभोर कर दिया। इस अवसर पर कार्यपालन यंत्री एवं वितरण केंद्र प्रभारी सहायक/कनिष्ट अभियंता द्वारा प्रत्येक वितरण केंद्र के एक वरिष्ठ लाईनमेन का पुष्पहार से अभिनंदन कर उन्हें प्रतीक स्वरूप उपहार भेंट किया गया एवं इनके द्वारा भाव भी व्यक्त किये गए।
इस अवसर पर मनासा शहर एवं ग्रामीण वितरण केंद्र प्रभारी डी के मालवीय को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर कार्यपालन यंत्री ने, प्रबंध निदेशक इंदौर द्वारा प्रेषित प्रशस्ति पत्र एवं 50 ग्राम चांदी का सिक्का भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन स्वल्पाहार के साथ हुआ। लाईनमेन दिवस कार्यक्रम का संचालन विजय जैन परीक्षण सहायक ने किया।