नीमच। जिले में मार्च महीने की शुरूआत के साथ ही प्रतिदिन मौसम में बदलाव देखे जा रहे हैं। मध्यप्रदेश के कई भागों में शनिवार रात बारिश हुई। मौसम विभाग ने पश्चिम और मध्य भारत में 5 से 8 मार्च तक बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई है। यानी होली तक मौसम ऐसा ही रहेगा। इस दौरान बादल छा सकते हैं। आंधी के साथ कहीं-कहीं हल्की से तेज बारिश भी हो सकती है।
मौसम में होने वाले इन बदलावों के पीछे जम्मू कश्मीर में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ से मिल रही नमी को बताया जा रहा है। इसी के चलते मौसम में एकाएक बदलाव आया है। शुक्रवार व शनिवार रात भी नीमच व मंदसौर के कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई।
प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हुई-
शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हुई। गुना और अशोकनगर में आज भी बादल छाने के साथ ही तेज बारिश हुई है नर्मदापुरम, खंडवा में भी पानी गिरा है। आगर जिले में ओले गिरे। शाम को रतलाम, उज्जैन, राजगढ़, भोपाल, शाजापुर, धार, रायसेन समेत कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। धार में बिजली गिरने से महिला की मौत हो गई। ग्वालियर में तेज आंधी चली। बारिश और आंधी की वजह से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल बिछ गई। इंदौर में हवा के साथ हल्की बारिश हुई। वहीं नीमच व मंदसौर में भी हल्की बारिश हुई।
रविवार को प्रदेश के इन क्षेत्रों में होगी बारिश-
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि रविवार को इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभागों में भी हल्की बारिश होगी। सागर, रीवा, शहडोल और जबलपुर में सोमवार से बारिश की एक्टिविटी शुरू होगी। नीमच व मंदसौर जिले में भी सीधे तौर पर इसका असर दिखाई देगा।