नीमच। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा रविवार 5 मार्च से प्रदेश में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का शुभारंभ किया जा रहा है। यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी। महिलाएं आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनेगी और परिवार में उनका मान सम्मान बढ़ेगा। यह बात विधायक अनिरुद्ध मारु ने रविवार को मनासा में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए कही।
इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, एसडीएम पवन बारिया व अधिकारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित थे।
विधायक मारू ने कहा कि लाड़ली बहना योजना के तहत सरकार द्वारा प्रत्येक पात्र महिला के खाते में एक हजार रूपये हर माह भुगतान किया जावेगा। इससे महिलाओं की अपने परिवार पर निर्भरता दूर होगी और वह अपनी आर्थिक जरूरतों को पूरा कर सकेगी।
विधायक मारू ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत गांव-गांव और शहरी क्षेत्र के वार्डों में शिविर आयोजित कर, महिलाओं के फॉर्म भरवाए जाएंगे, महिलाएं जागरूक होकर इस योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आए और अन्य पात्र महिलाओं को भी इसके लिए प्रेरित करें। सरकार का यह प्रयास रहेगा कि कोई भी महिला इस योजना के लाभ से वंचित ना रहे।
एसडीएम पवन बारिया ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया और उन्होंने योजना की पात्रता के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। प्रारंभ में विधायक मारू ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर भोपाल के जंबूरी मैदान से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य अतिथि में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं जन समुदाय ने देखा और सुना।